Delhi Violence: जिस शख्‍स ने चलायी थी गोलियां, उसे पुलिस ने दबोचा, जानिए कौन है वह

Delhi Violence : संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान सोमवार को दूसरे दिन भी सीएए समर्थक और विरोधी प्रदर्शनकारियों के बीच भारी हिंसक झड़प हो गयी. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद, मौजपुर, भजनपुरा, चांदबाग समेत कई इलाकों में उपद्रवियों ने पथराव किया और फिर घरों, दुकानों तथा वाहनों में आग लगा दी. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस छोड़ी और लाठीचार्ज भी किया.

Delhi Violence: जिस शख्‍स ने चलायी थी गोलियां, उसे पुलिस ने दबोचा, जानिए कौन है वह

सोमवार को जाफराबाद से एक वीडियो सामने आया जिसमें भीड़ में शामिल एक उपद्रवी पुलिसकर्मी की ओर पिस्टल तानता हुआ नजर आ रहा है. उसने बाद में उसने हवा में कई राउंड फायर भी किये. इसके बाद यहां हिंसा बेकाबू हो गयी.


सोमवार देर शाम पुलिस ने शख्स की पहचान कर ली. खबरों की मानें तो गोली चलाने वाले शख्स को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. हिरासत में लिये गये शख्‍स का नाम शाहरुख बताया जा रहा है. आपको बता दें कि पहचान होने के बाद से ही पुलिस इस शख्स की तलाश में जुटी हुई थी.

लाल रंग की टीशर्ट और हाथ में पिस्टल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लाल रंग की टीशर्ट पहने इस व्यक्ति का नाम शाहरुख है जिसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था. वीडियो और फोटो में भी इस शख्स के हाथ में बंदूक साफ नजर आ रहा है और वह पुलिस वाले के सामने बढ़ता दिख रहा है. जब पुलिसकर्मी ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने वहीं गोली चला दी. बताया जा रहा है कि आरोपी शाहरुख ने 8 राउंड गोलियां चलायी. खबरों की मानें तो, यह शख्स ऐंटी-सीएए ग्रुप का सदस्य है.

गृह मंत्रालय को शक : ट्रंप की यात्रा के दौरान छवि खराब करने की कोशिश
गृह मंत्रालय को शक है कि दिल्ली में हिंसा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यात्रा के मद्देनजर करायी गयी प्रतीत होती है, ताकि जो इसमें शामिल हैं, वे व्यापक प्रचार हासिल कर सकें. इससे देश की छवि खराब होगी. दिल्ली पुलिस के अधिकारी गृह मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं. इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिंसा के मद्देनजर शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की और सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया.
गृह राज्य मंत्री बोले- देश के खिलाफ बड़ी साजिश

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किशन रेड्‌डी ने कहा कि ट्रंप के दौरे के समय हिंसा होना बड़ी साजिश की तरफ इशारा कर रहा है. गृह मंत्रालय लगातार हालात पर नजर बनाये हुए है. दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा. उन्होंने कांग्रेस और सीएए विरोधियों पर निशाना साधा. कहा कि राहुल गांधी और सीएए विरोधियों को इस पर जवाब देना चाहिए.

कांग्रेस ने शाह का इस्तीफा मांगा, राहुल ने कसा तंज
कांग्रेस ने दिल्ली में हिंसक झड़प मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 'चुप्पी' को लेकर सोमवार को सवाल उठाया और उनके इस्तीफे की मांग की. पार्टी नेता राहुल गांधी ने लोगों से उकसावे के बावजूद संयम, करुणा और समझदारी दिखाने का अनुरोध किया. कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान है, लेकिन हिंसा को कभी भी न्यायोचित नहीं ठहराया जा सकता है.

Comments